गृहिणी ने रचा इतिहास, टीजीटी हिंदी में प्रदेश में 13वीं रैंक हासिल
घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ की तैयारी, 500 में 488 अंक लाकर बढ़ाया गांव और परिवार का मान
खीरी। विकासखंड के मझिगवां गांव की निवासी 38 वर्षीय रीना ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) हिंदी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 500 में से 488 अंक प्राप्त कर महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश में 13वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रीना ने प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई उन्नाव जिले के विभिन्न विद्यालयों से की। इसके बाद कानपुर से बीएड की डिग्री प्राप्त की।
विवाह के बाद पति के ननिहाल मझिगवां में गृहिणी के रूप में परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए वर्ष 2022 से टीजीटी परीक्षा की तैयारी शुरू की। कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
रीना ने अपनी सफलता का श्रेय नाना बाबूलाल यादव, माता-पिता, गुरुजनों तथा पति धर्मेंद्र यादव को दिया। उन्होंने बताया कि नाना से मिली प्रेरणा और पति के निरंतर सहयोग से वह तैयारी के साथ-साथ अपनी बेटी सूर्यांशी (कक्षा 11 की छात्रा) और बेटे अभियुदय (कक्षा 9 का छात्र) की पढ़ाई में भी सहयोग करती रहीं और घर की सभी जिम्मेदारियां भी पूरी निष्ठा से निभाईं।
रीना की इस उपलब्धि पर नाना बाबूलाल यादव, पति धर्मेंद्र यादव, पिता राम सागर, माता शांति देवी, भाई गिरीश कुमार, शिरीष कुमार, हरीश कुमार तथा राहुल यादव सहित क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
