अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्लभ बारहसिंगा की मौत
डिडौली गांव के पास लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हुआ हादसा, सुबह ग्रामीणों को मिली जानकारी

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव में मंगलवार की देर रात लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्लभ वन्यजीव बारहसिंगा की मौत हो गई। हादसा इंद्र कुमार सिंह की मार्केट के सामने हुआ।
बताया जा रहा है कि बारहसिंगा रात में सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और तड़पते हुए उसकी मौत हो गई।
Also Read This: न्यायालय में मुकदमे की तारीख पर आए व्यक्ति की बाइक चोरी
बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते गांव में बारहसिंगा की मौत चर्चा का विषय बन गई।
ग्रामीण रामधनी सिंह और बुद्धन्नी सिंह ने बताया कि वे मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। पास जाकर देखने पर पता चला कि मृत जीव बारहसिंगा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्लभ वन्यजीव है, जिसे देखना भी मुश्किल से होता है।
Also Read This: उत्पीड़न से परेशान हो किया खुदकुशी का प्रयास
गांव के पत्रकार रवि सिंह ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और जंगलों की कटाई से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास लगातार कम हो रहे हैं। भोजन की तलाश में वन्यजीव सड़कों और आबादी की ओर भटक रहे हैं, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं।
Also Read This: संविधान बचाओ-देश बचाओ के नारे के साथ लखनऊ रवाना
रविशंकर सिंह ब्यूरो प्रभारी रायबरेली की रिपोर्ट
PM News 18 Hindi News Website
