सरकारी बस की ‘टक्कर’ पर पुलिस की चुप्पी! पीड़ित ने उठाए गंभीर सवाल
नई Baleno को पीछे से टक्कर मारने का आरोप, जान से मारने की नीयत का लगाया आरोप; निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
महराजगंज। कोतवाली महराजगंज क्षेत्र में सरकारी बस और नई Baleno कार की टक्कर का मामला अब पुलिस कार्रवाई को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है।
ग्राम इमिलिया निवासी कृष्णमोहन पटेल पुत्र ओमहरी पटेल ने आरोप लगाया है कि 23 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे महराजगंज बस डिपो के पास सरकारी बस संख्या UP77AN1907 के चालक ने उनकी नई Baleno कार संख्या UP56BH3494 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पीड़ित का आरोप है कि बस चालक ने बस को डिपो के अंदर ले जाने के बजाय सड़क से उनकी कार की ओर मोड़ते हुए टक्कर मारी।
कृष्णमोहन पटेल ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए आरोप लगाया है कि कार को कथित रूप से जानबूझकर निशाना बनाया गया, जिससे उनके और उनके साथ मौजूद लोगों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था।
CCTV फुटेज में कैद हो सकती है पूरी घटना
पीड़ित ने अपनी शिकायत में महराजगंज बस डिपो सहित आसपास के प्रतिष्ठानों और दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि CCTV फुटेज घटना की वास्तविक स्थिति सामने लाने में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकती है और समय बीतने पर रिकॉर्डिंग डिलीट या ओवरराइट होने की आशंका है।
‘शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं’—पीड़ित
कृष्णमोहन पटेल के अनुसार, घटना को लेकर पुलिस से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस से बस चालक एवं परिचालक से पूछताछ, ड्यूटी और रूट संबंधी अभिलेखों की जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने, घटनास्थल का निरीक्षण तथा क्षतिग्रस्त कार का तकनीकी परीक्षण कराने की मांग की है।
पीड़ित ने पुलिस को क्षतिग्रस्त कार के फोटो-वीडियो, RC, बीमा पॉलिसी और ड्राइविंग लाइसेंस की प्रतियां उपलब्ध कराने की बात कही है।
PM News 18 Hindi News Website
