दबंग महिला ने विद्यालय की कक्षा में घुसकर शिक्षिका को पीटा
बच्चों के सामने हुई मारपीट का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
प्रतापगढ़। देल्हूपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता स्थित पार्वती ग्लोबल साइंस स्कूल में एक शिक्षिका के साथ कक्षा के अंदर कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद विद्यालय में हुई इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कक्षा में बच्चे भी मौजूद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र को किसी बात को लेकर शिक्षिका ने डांट दिया था। आरोप है कि इससे छात्र के माता-पिता नाराज हो गए। इसी बात को लेकर छात्र के माता-पिता विद्यालय पहुंचे और कक्षा में मौजूद शिक्षिका के साथ कथित रूप से अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी।
कक्षा में बच्चों के सामने शिक्षिका के साथ मारपीट से विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी विद्यालय प्रबंधन और शिक्षिका के परिजनों को दी गई।
बताया जा रहा है कि घटना से आहत शिक्षिका के पिता ने देल्हूपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कक्षा में बच्चों के सामने शिक्षिका से कथित मारपीट की घटना ने विद्यालयों में अनुशासन और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
अभिषेक सिंह पुलिस मुखबिर न्यूज ब्यूरो प्रभारी प्रतापगढ़ की रिपोर्ट।
PM News 18 Hindi News Website
