Saturday , 29 August 2026

BARC के युवा वैज्ञानिक अमन सिंह की मौत से घुघली में मातम

BARC के युवा वैज्ञानिक अमन सिंह की मौत से घुघली में मातम

 

महज 28 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, वैज्ञानिक बनने का सपना अधूरा छोड़ गया होनहार

महराजगंज। भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC), मुंबई में वैज्ञानिक के पद पर चयनित घुघली के युवा वैज्ञानिक अमन सिंह (28) का शुक्रवार को मुंबई के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया।

वह पिछले कुछ समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। युवा वैज्ञानिक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही घुघली नगर में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

अमन सिंह घुघली नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 निवासी किसान लक्ष्मी सिंह के पुत्र थे। प्रतिभाशाली अमन का चयन 26 जून 2024 को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में वैज्ञानिक पद पर हुआ था।

चयन के बाद वह मुंबई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। इसी दौरान वह गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए। पिछले कुछ समय से मुंबई में उनका उपचार चल रहा था।

शुक्रवार को उपचार के दौरान अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार सुबह जब उनका पार्थिव शरीर घुघली स्थित पैतृक आवास पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। हर किसी की आंखें नम थीं और नगर में मातम का माहौल छा गया।

इसके बाद स्थानीय बैकुंठी घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। पिता लक्ष्मी सिंह ने अपने इकलौते पुत्र की चिता को मुखाग्नि दी। इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें छलक उठीं।

अंतिम संस्कार में नगरवासियों, शुभचिंतकों और गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। नगर अध्यक्ष संतोष कुमार जायसवाल और पूर्व नगर अध्यक्ष सुरेश कुमार रूंगटा समेत कई लोगों ने अमन के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति

महज 28 वर्ष की उम्र में देश के प्रतिष्ठित परमाणु अनुसंधान संस्थान में वैज्ञानिक के रूप में चयनित अमन सिंह ने अपनी प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन किया था। उनके निधन से घुघली ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

नगरवासियों ने अमन के निधन को क्षेत्र की प्रतिभा के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

रायबरेली में चली तबादला एक्सप्रेस

रायबरेली में चली तबादला एक्सप्रेस: 10 तहसीलदारों की तैनाती में बड़ा फेरबदल   नव प्रोन्नत …