नशे ने छीनी जिंदगी! पत्नी से विवाद के बाद कारपेंटर ने घर में उठाया खौफनाक कदम
कोल्हुई कस्बे में सनसनी, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज। जनपद के कोल्हुई कस्बे के सोनारी गली निवासी 35 वर्षीय कारपेंटर दिनेश प्रजापति ने गुरुवार देर रात अपने घर में आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह कमरे का दरवाजा तोड़ने पर घटना का खुलासा हुआ।
सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, दिनेश गुरुवार रात शराब के नशे में घर लौटे थे। किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह अपने कमरे में चले गए, जबकि उनकी पत्नी तीनों नाबालिग बच्चों के साथ छत पर सोने चली गईं।
शराब पीने की लत
शुक्रवार सुबह बच्चे जब पिता को जगाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। दिनेश मृत अवस्था में मिले, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का कहना है कि दिनेश को शराब पीने की लत थी। इसी आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पत्नी उन्हें शराब छोड़ने और बच्चों के भविष्य की चिंता करने के लिए समझाती थीं, लेकिन घरेलू तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
दिनेश अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत के बाद तीनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जबकि पत्नी के सामने परिवार के पालन-पोषण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
कस्बा इंचार्ज राजीव सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
PM News 18 Hindi News Website
