शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग पर दर्दनाक हादसा: मां-बाप के इकलौते बेटे की मौत, शादी से पहले उजड़ गया घर
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के शिकारपुर-सिंदुरिया मार्ग स्थित मंदिर के समीप सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
ट्रक से नीचे गिर गया युवक
भूसा लोड करने जा रहे वाहन के केबिन पर बैठे मजदूरों में से एक युवक की नीचे गिरकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन के केबिन के ऊपर लगभग 6 से 7 मजदूर बैठे हुए थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया।
चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने पर ऊपर बैठा एक युवक नीचे सड़क पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मां बाप का इकलौता था राजेश
मृतक की पहचान राजेश यादव पुत्र मोहित यादव, उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
मौके की सूचना पर फौरन पहुंची पुलिस
लहूलुहान शव को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं।
PM News 18 Hindi News Website
