तीन महीने में उजड़ा सुहाग! बंद कमरे में फंदे से लटका मिला 28 वर्षीय राजू
परिजनों का आरोप—पुलिस की प्रताड़ना और एनकाउंटर की धमकी से था परेशान, कांग्रेस नेता ने पत्नी को नौकरी व जमीन की मांग उठाई
रायबरेली। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के बीकरगढ़ गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 28 वर्षीय राजू यादव पुत्र माता बदल का शव घर के अंदर बंद कमरे में पंखे के हुक से लटकता मिला।
सुबह परिजनों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई आवाज नहीं आई। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह समेत ऊंचाहार कोतवाली के दरोगा और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई।
बिलखती हुई ससुराल पहुंची पत्नी
बताया गया कि राजू की शादी महज तीन महीने पहले अंजली से हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी। पति की मौत की खबर मिलते ही वह बिलखती हुई ससुराल पहुंची। रोते हुए अंजली ने कहा, “अभी हाथ की मेहंदी भी नहीं छूटी और मांग का सिंदूर उजड़ गया।”
परिजनों का आरोप है कि करीब एक महीने पहले सड़क किनारे मृत मिले रामदीन की मौत के मामले में पुलिस राजू को शक के आधार पर लगातार परेशान कर रही थी। परिवार का आरोप है कि राजू को एनकाउंटर की धमकी भी दी जा रही थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
राजू की मां विपाता देवी बेटे की मौत की खबर सुनकर बेहोश हो गईं। होश में आने के बाद उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि बेटा बेकसूर था, लेकिन पुलिस ने उसकी बात नहीं मानी और वह जान देने को मजबूर हो गया।
अतुल सिंह ने प्रशासन से की पत्नी को नौकरी और जमीन देने की मांग
घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल सिंह ने एसडीएम और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह से वार्ता की। उन्होंने मृतक राजू यादव की पत्नी को सरकारी नौकरी, दो बीघा जमीन और आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
राजू सात भाइयों और दो बहनों में था। नवविवाहिता पत्नी की आंखों के सामने महज तीन महीने में उजड़ा सुहाग और परिवार पर टूटा दुख का पहाड़ देखकर गांव में मातम पसरा हुआ है। मामले में परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस की भूमिका और जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
