सब्जी लेकर बाजार जा रहे बुजुर्ग को बाइक ने मारी जोरदार टक्कर
साइकिल के उड़े परखच्चे, 70 वर्षीय रामप्रीत गंभीर; बाइक सवार भी घायल
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पचरुखिया गांव के पास शनिवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक चालक भी जख्मी हुआ है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली पहुंचाया।
पचरुखिया गांव निवासी रामप्रीत (70) पुत्र भगीरथी साइकिल से सब्जी लेकर पुरैना बाजार बेचने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पुरैना की ओर से आ रहे बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामप्रीत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बाइक सवार परसौनी गांव निवासी अमन पुत्र सूर्यनारायण भी घायल हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी घुघली भेजा।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस यूपी 32 एफजी 2598 के पायलट कुलदीप यादव और ईएमटी रमाशंकर त्रिपाठी ने सहयोग किया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का उपचार कराया जा रहा है।
PM News 18 Hindi News Website
