नाली विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या, गिरफ्तारी की मांग पर सीएचसी में हंगामा
रायबरेली बछरावां। पुराना गांव में मंगलवार रात नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में 50 वर्षीय किसान भगवानदीन यादव की सरिया से पीटकर हत्या कर दी गई।
गंभीर रूप से घायल किसान को परिजन तत्काल सीएचसी बछरावां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया गया कि पुराना गांव निवासी भगवानदीन यादव पुत्र रामसेवक और उनके पड़ोसी के खेत आसपास हैं। खेतों में पानी जाने के लिए एक ही नाली है। नाली को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
मंगलवार रात विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई। आरोप है कि भगवानदीन यादव के साथ सरिया से मारपीट की गई, जिससे उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक डॉ. भावेश यादव ने मृत घोषित कर दिया।
किसान की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में नाते-रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया और सीएचसी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच नोकझोंक भी हुई। परिजन देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
नाली विवाद ने लिया खूनी रूप, सरिया से पीटकर किसान की हत्या
मृतक के पिता रामसेवक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, इसके बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया जाएगा।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया नाली विवाद में किसान की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों को समझाकर शांत कराया जा रहा है।
तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
