दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, मिश्रित आबादी वाले गांव में मिशन शक्ति टीम ने किया पैदल गश्त
लक्ष्मीपुर देउरवा में मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
महराजगंज। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से भिटौली थाना पुलिस सतर्क नजर आ रही है।
इसी क्रम में थाना क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले गांव लक्ष्मीपुर देउरवा में दुर्गा मंदिर के आसपास तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख चौराहों पर थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने अपनी टीम व मिशन शक्ति टीम के साथ पुलिस ने पैदल गश्त किया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी और त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती। दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता दिखाई दी।
त्योहारों के मद्देनजर पुलिस का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना, शांति व्यवस्था कायम रखना तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
भिटौली थाना पुलिस ने त्योहार के दौरान सतर्कता और निगरानी के जरिए शांति व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
PM News 18 Hindi News Website
