अस्पताल में लापरवाही मिली तो खैर नहीं! CMO ने परतावल CHC का किया औचक निरीक्षण
बाहर की दवाएं लिखने पर होगी कार्रवाई, उपस्थिति पंजिका खंगाली; मरीजों से सीधे पूछी स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत
महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और चिकित्सकीय व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुरेंद्र चौधरी ने मंगलवार को निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की जांच की तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। सीएमओ ने अस्पताल पहुंचे मरीजों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की वास्तविक स्थिति भी जानी।
बाहर की दवाएं लिखने पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के बावजूद मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए लिखने की शिकायत मिलने पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही दवाओं का वितरण मरीजों को सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।
समय से अस्पताल पहुंचें डॉक्टर और कर्मचारी
सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को समय से अस्पताल पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार समय पर चिकित्सकीय सुविधा मिलनी चाहिए।
*साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर भी जोर*
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने तथा मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस दौरान अधीक्षक डॉ. अमित कुमार अक्काश, अनिल जायसवाल, अन्नपूर्णा जायसवाल, पीके यादव, शशिबिंद मिश्र, एलटी बजरंगी, रेखा, हर्ष किशोर सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
सीएमओ के निरीक्षण से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अब देखना होगा कि दिए गए निर्देशों का पालन किस हद तक सुनिश्चित हो पाता है।
PM News 18 Hindi News Website
