वाहन की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, आठ वर्षीय बालक की मौत, आठ घायल
रायबरेली लालगंज। बछरावां रोड पर सोमवार शाम बनामऊ गांव के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में आठ वर्षीय बालक विहान की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहनों समेत आठ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
Also Read This: खेत में मिला 19 वर्षीय युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे दुबेन मजरे शहरौली निवासी पूजा शुक्ला अपने बेटे विहान और बेटियों अंशिका व पीहू के साथ ई-रिक्शा से लालगंज मेला देखने जा रही थीं। ई-रिक्शा पूरे भैरी निवासी अनुराग पाल (48) चला रहे थे। बनामऊ गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा सड़क पर पलटकर दूर तक घिसट गया।
राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विहान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक अनुराग, शांति देवी और अंशिका समेत अन्य को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
Also Read This: न्यायालय में मुकदमे की तारीख पर आए व्यक्ति की बाइक चोरी
सीओ लालगंज सुजीत राय ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मृतक के बाबा प्रवेश शंकर शुक्ल के लिखित अनुरोध पर शव परिजनों को सौंप दिया गया। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बेटे की मौत से मां पूजा और पिता राहुल का रो-रोकर बुरा हाल है।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
