महराजगंज में मेगा विधिक सेवा शिविर का महाकुंभ, 1923 लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
2900 पात्र लोगों को प्री-कैंप और मेगा कैंप में किया गया चिह्नित, एक ही छत के नीचे मिली विधिक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
महराजगंज। आमजन को न्यायिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को जिला उद्योग चौराहा स्थित श्रीबालाजी लॉन में मेगा वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुमोदन तथा जनपद न्यायाधीश के आदेश पर आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।
Also Read This: घुघली पुलिस की तत्परता से महिला को मिला खोया बैग
एक ही मंच पर मिलीं सरकारी योजनाओं की सौगात, 1923 लाभार्थियों को लाभ
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने फीता काटकर किया। इसके बाद न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाए।
शिविर के आयोजन के लिए प्रभारी जनपद न्यायाधीश की ओर से पांच सदस्यीय न्यायिक समिति गठित की गई थी।
वहीं जिलाधिकारी द्वारा पांच नोडल अधिकारियों को नामित किया गया था। आयोजन में परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर्स एवं अधिकार मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की। शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिक भी पहुंचे।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस, जिला कारागार, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, राजस्व, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, प्रोबेशन, सैनिक कल्याण तथा खाद्य एवं रसद समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए।
इस दौरान लोगों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। सरकारी योजनाओं के पात्र लोगों को आवेदन, पंजीकरण और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि प्री-कैंप एवं मेगा कैंप के माध्यम से कुल 2900 पात्र व्यक्तियों को चिह्नित किया गया, जबकि 1923 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विधिक सहायता सेवाओं से लाभान्वित किया गया। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से आमजन को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
PM News 18 Hindi News Website
