Friday , 27 November 2026

अमावस्या पर बलि देने की थी आशंका! दिल्ली के कश्मीरी गेट से सकुशल मिला

अमावस्या पर बलि देने की थी आशंका! दिल्ली के कश्मीरी गेट से सकुशल मिला दो माह का मासूम विक्की

 

100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल महराजगंज पुलिस पहुंची दिल्ली, समय रहते बची मासूम की जान; पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम

महराजगंज। ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी टोला रमजीता गांव से अगवा किए गए दो माह के मासूम विक्की को महराजगंज पुलिस ने दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, मासूम की अमावस्या के दिन बलि दिए जाने की आशंका थी। बताया जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने की तैयारी थी। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से मासूम की जिंदगी बच गई।

जानकारी के मुताबिक, बीते 3 नवंबर की रात परिवार के साथ घर में सो रहे दो माह के मासूम विक्की का अपहरण कर लिया गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मासूम की सकुशल बरामदगी के लिए ठूठीबारी पुलिस के साथ एसओजी, स्वाट और डॉग ट्रैकर स्क्वायड की विशेष टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी गई।

100 CCTV कैमरों की जांच, महराजगंज पुलिस ने दिल्ली से बचाई मासूम की जान

 

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम अपहरणकर्ताओं के सुराग तलाशते हुए महराजगंज से दिल्ली तक पहुंच गई।

लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से मासूम विक्की को सकुशल बरामद कर लिया गया।

महराजगंज से दिल्ली तक दौड़ी पुलिस, दो माह के विक्की को मिला नया जीवन

 

मासूम की बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया और सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जिस घर में बच्चे के अपहरण के बाद मातम और बेचैनी का माहौल था, वहां मासूम की वापसी से खुशियां लौट आईं।

इस बड़ी सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

महराजगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने न सिर्फ एक परिवार की खुशियां लौटाईं, बल्कि समय रहते एक मासूम की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाई।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

गलत पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों ने मांधाता बाजार को बनाया जाम का अड्डा

गलत पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहनों ने मांधाता बाजार को बनाया जाम का अड्डा, घंटों …