दिवाली की रात आग का तांडव! बंद मकान में जलकर राख हुआ लाखों का सामान, पांच लाख की क्षति

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के परसा मीर गांव में दीपावली की रात एक घर में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आग की लपटों ने घर में रखे कीमती सामान, जेवरात और घरेलू उपयोग की वस्तुओं को अपनी चपेट में ले लिया।
Also Read This: योगी की नगरी से दिल्ली तक खाकी का ‘ऑपरेशन मासूम’!
पीड़िता पुनीता मिश्रा ने करीब पांच लाख रुपये की आर्थिक क्षति होने की बात कही है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार, जनेश्वर मिश्रा की पत्नी पुनीता मिश्रा शनिवार को अपने 14 वर्षीय बेटे अभय मिश्रा के साथ घर में ताला लगाकर अपने मायके दमकी गई थीं।
जनेश्वर मिश्रा रोजी-रोटी के सिलसिले में मालदीव में रहते हैं। इसी दौरान दीपावली की रात बंद मकान में आग लग गई और देखते ही देखते घर का सामान जलकर नष्ट हो गया।
अग्निकांड में घर में रखी दो सिलाई मशीनें, एलईडी टीवी और बीसी सखी की बायोमेट्रिक मशीन जल गईं। इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषणों में कान के झुमके, टीका, नथुनी, पायल और बिछिया भी आग की भेंट चढ़ गए। दो पंखे, तीन बड़े बक्से, साइकिल, गैस सिलेंडर, बर्तन समेत घर का अन्य सामान भी जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद राजस्व विभाग की ओर से जांच की गई। क्षेत्रीय लेखपाल दीपाली सिंह ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और जांच रिपोर्ट लगा दी है।
दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों और गृहस्थी को दोबारा बसाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
PM News 18 Hindi News Website
