गांव में चोरों का तांडव! सेंध काटकर लाखों के जेवर और 80 हजार नकदी उड़ाई

तीन महिलाओं के कीमती आभूषण लेकर फरार हुए चोर, खेत छुड़ाने के लिए रखी थी नकदी; मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
महराजगंज, 10 नवंबर। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा के कोइरी टोला में चोरों ने बीती रात एक घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने राम बहादुर पुत्र झिन्नू के मकान में सेंध काटकर प्रवेश किया और घर में रखे बॉक्स तोड़कर तीन महिलाओं के लाखों रुपये के कीमती जेवरात तथा 80 हजार रुपये नकदी समेटकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, चोर घर में रखे दो बॉक्स भी उठाकर अपने साथ ले गए। हालांकि, घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर दोनों बॉक्स छोड़ दिए और उनमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, घर में रखी 80 हजार रुपये की नकदी खेत छुड़ाने के लिए जमा की गई थी। चोरों ने नकदी के साथ महिलाओं के आभूषणों पर भी हाथ साफ कर दिया।
ग्रामीणों की मानें तो गांव में करीब 20 वर्षों बाद चोरी की इतनी बड़ी वारदात हुई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
चोरी की सूचना मिलते ही सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी और चिऊटहा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी की घटना का पर्दाफाश करने, चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात व नकदी की बरामदगी की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस इस बड़ी चोरी का खुलासा कब तक कर पाती है।
PM News 18 Hindi News Website
