आस्था का उमड़ा सैलाब, निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, सुरक्षा में मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
महराजगंज। थाना घुघली क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों पर लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर व्रती महिलाओं ने संतान की सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और आरोग्य की कामना को लेकर 36 घंटे का निर्जला व्रत धारण किया।
छठ महापर्व की संध्या से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से पूरी रात जागरण किया और छठी मइया की आराधना में लीन रहीं। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य के दर्शन होते ही व्रती महिलाएं पोखरों और जलाशयों में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार और समाज की मंगलकामना की।
पूरे क्षेत्र में छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक गीतों से भक्तिमय माहौल बना रहा। वहीं पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न छठ घाटों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिसकर्मी मुस्तैदी से डटे रहे।
श्रद्धा, विश्वास और सामाजिक समरसता का प्रतीक छठ महापर्व क्षेत्र में हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
PM News 18 Hindi News Website
