लावारिश वाहनों पर चला प्रशासन का हथौड़ा, 7 वाहनों की नीलामी
22 प्रतिभागियों ने लगाई बोली, 5 दोपहिया, जीप और रोड रोलर का नियमानुसार हुआ निस्तारण
महराजगंज। थानों में वर्षों से लावारिश हालत में खड़े वाहनों के निस्तारण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्यामदेउरवा पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की।
प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में थाना परिसर में लावारिश वाहनों की नियमानुसार नीलामी कराई गई। इसमें 05 दोपहिया वाहन, 01 जीप और 01 रोड रोलर समेत कुल सात वाहनों का निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पूर्व में भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर अपर जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम के आदेश के अनुपालन में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर ने 24 सितंबर को नीलामी की तिथि निर्धारित की थी।
नीलामी की सूचना 23 सितंबर को दैनिक समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ में प्रकाशित विज्ञापन के माध्यम से दी गई थी। इसके बाद गुरुवार को कुल 22 प्रतिभागियों ने नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
बोली प्रक्रिया में सर्वाधिक बोली लगाने वाले प्रमोद कुमार (मां वैष्णो ट्रेडर्स), मथुरानगर विष्णुपुरवा, थाना फरेन्दा के पक्ष में पांच दोपहिया वाहन, एक जीप और एक रोड रोलर की नीलामी सर्वसम्मति से नियमानुसार की गई।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक टीम में अपर जिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर तथा उप संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) महराजगंज शामिल रहे।
वहीं पुलिस टीम में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गजेंद्र पांडेय, हेड मुहर्रिर अभय कुमार मिश्र, कांस्टेबल मुंशी अजय कुमार एवं धर्मेंद्र कुमार यादव मौजूद रहे।
लंबे समय से थानों में खड़े लावारिश वाहनों के निस्तारण से थाना परिसर में जगह खाली होने के साथ ही पुलिस प्रशासन की लंबित संपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को भी गति मिली है।
PM News 18 Hindi News Website
