Accident:कार-बुलेट की भीषण टक्कर, दो युवक गंभीर, कार नहर में गिरी, मची अफरा-तफरी
बड़वार नहर पुलिया तिराहे पर हुआ हादसा, घायलों को गोरखपुर रेफर; जेसीबी से निकाली गई कार
महराजगंज । जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक कार और बुलेट मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई।
भीषण टक्कर में बुलेट सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पास की नहर में जा गिरी।
हालांकि राहत की बात यह रही कि नहर में उस समय पानी नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़वार नहर पुलिया के पास स्थित तिराहे पर हुई।
कहां हुई थी घटना Accident
नेवास पोखरा परसहवा टोला निवासी दयाशंकर और विजय बुलेट मोटरसाइकिल से पनियरा से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पनियरा की ओर से आ रही एक कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। Accident टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मानवता का परिचय
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल दोनों घायलों को पनियरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
नहर में गिरी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक पवन और कार में सवार अमरचंद, जो ग्राम पंचायत नरकटहा के निवासी बताए जा रहे हैं, को इस हादसे में मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
टक्कर के बाद नहर में गिरी कार को जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया और उसे थाने ले जाया गया।
इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि नहर में गिरी कार को बाहर निकाल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
PM News 18 Hindi News Website
