आम के लिए मासूम पर कहर, पेड़ से बांधकर नाबालिग की बेरहमी से पिटाई, दंपति गिरफ्तार
महराजगंज । थाना चौक क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली शक ने क्रूरता की हदें पार कर दीं।
कक्षा 6 के एक नाबालिग छात्र को आम तोड़ने के आरोप में खेत मालिक दंपति ने पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीट दिया।
बच्चे को पेड़ से बांधा
जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्र स्कूल जाने के बजाय घूमते हुए सरिता देवी के खेत में पहुंच गया।
इसी दौरान आम तोड़ने के शक में सरिता देवी और उनके पति रामनाथ ने बच्चे को पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों ने पहले बच्चे को पेड़ से बांधा और फिर जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से सहम गया।
मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर थाना चौक पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपति—रामनाथ और सरिता देवी—को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में संवेदनशीलता और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
PM News 18 Hindi News Website
