किसानों की समस्याओं पर 21 अक्टूबर को लगेगी चौपाल, विकास भवन में होगा किसान दिवस
शिकायतों के निस्तारण की होगी समीक्षा, कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी योजनाओं की अद्यतन जानकारी के साथ रहेंगे मौजूद
महराजगंज। किसानों की समस्याओं को सुनने, उनके शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करने तथा कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से विकास भवन सभागार, महराजगंज में आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता उप कृषि निदेशक संजीव कुमार करेंगे।
उप कृषि निदेशक कार्यालय से 17 अक्टूबर को जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, शासन के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को किसान दिवस आयोजित किया जाता है।
इसी क्रम में होने वाली इस बैठक में कृषि एवं कृषि से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में संबंधित अधिकारी पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों और उनके निस्तारण की प्रगति रिपोर्ट के साथ विभागीय योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करेंगे। इसका उद्देश्य किसानों की समस्याओं की समीक्षा कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
प्रगतिशील किसानों और एफपीओ की भी होगी बैठक
किसान दिवस के साथ ही कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा प्रगतिशील किसानों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। कार्यालय ज्ञाप में सहायक विकास अधिकारियों, कृषि एवं कृषि रक्षा को अपने-अपने विकासखंड से 10-10 किसानों के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का निर्देश दिया गया है।
कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, मत्स्य, गन्ना, सहकारिता, बैंकिंग सहित विभिन्न संबद्ध विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों की सहभागिता अपेक्षित है। किसान दिवस में किसानों को अपनी समस्याएं रखने तथा संबंधित विभागों से समाधान की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
PM News 18 Hindi News Website
