जिला अस्पताल की खरीदारी और डॉक्टरों की तैनाती पर उठे सवाल, आरटीआई से मांगी छह बिंदुओं पर जानकारी
ईसीजी, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड से लेकर पैथोलॉजी उपकरणों की खरीद के बिल मांगे; डॉक्टरों की संख्या, नाम और मोबाइल नंबर की भी जानकारी तलब


महराजगंज। जिला संयुक्त चिकित्सालय में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं अन्य चिकित्सकीय सामानों की खरीदारी तथा डॉक्टरों की तैनाती से संबंधित जानकारी को लेकर आरटीआई कार्यकर्ता आरके कुमार ने जनसूचना अधिकारी/जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज से छह बिंदुओं पर सूचना मांगी है।
आरटीआई आवेदन में आवेदक ने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत अस्पताल में विभिन्न उपकरणों और सामग्रियों की खरीद से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक सामानों की खरीद के मूल्य से संबंधित दस्तावेजों के साथ एसी, एक्स-रे मशीन, अल्ट्रासाउंड मशीन, डीप फ्रीजर और पैथोलॉजी से जुड़े उपकरणों की खरीद के प्रमाणित बिलों की प्रतियां मांगी गई हैं।
इसके अलावा अस्पताल में विभागीय सामग्री की नीलामी किए जाने की स्थिति में उससे संबंधित दस्तावेज, बाजार मूल्य से अधिक कीमत पर की गई खरीदारी से जुड़े प्रमाणित दस्तावेज तथा जिला अस्पताल में डॉक्टरों को दी गई क्षतिपूर्ति अथवा मुआवजे से संबंधित जानकारी भी मांगी गई है।
डॉक्टरों की तैनाती का भी मांगा ब्योरा
आवेदक ने जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में कार्यरत महिला और पुरुष डॉक्टरों की संख्या, उनके नाम तथा मोबाइल नंबर सहित सूची उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया है। आरटीआई आवेदन में मांगी गई सूचनाओं को जनहित से जुड़ा बताया गया है।
आवेदन के साथ भारतीय पोस्टल ऑर्डर संख्या 72F658291 संलग्न किए जाने का उल्लेख है। आरटीआई कार्यकर्ता ने जनसूचना अधिकारी से निर्धारित प्रक्रिया के तहत मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
अब अस्पताल प्रशासन की ओर से आरटीआई आवेदन पर उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारी से खरीदारी और डॉक्टरों की तैनाती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
PM News 18 Hindi News Website
