Pmnews18 खबर का असर महराजगंज में गूंजी पहल की आवाज
अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय की मुहिम लाई रंग — शासन के निर्देश पर पहुंची डॉल्फिन रेस्क्यू टीम
पत्राचार और लगातार पैरवी के बाद हरकत में आया प्रशासन, राष्ट्रीय जलीय जीव के संरक्षण की दिशा में बड़ी कार्रवाई
महराजगंज। जनपद महराजगंज में राष्ट्रीय जलीय जीव गंगा डॉल्फिन के संरक्षण को लेकर उठाई गई एक पहल ने बड़ा परिणाम दिया है।
दीवानी कचहरी के वरिष्ठ अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बॉर्डर लॉयर्स ट्रस्ट के सह-संस्थापक विनय कुमार पांडेय एडवोकेट द्वारा लगातार शासन, वन एवं पर्यावरण विभाग, जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को भेजे गए पत्रों तथा की गई पैरवी के बाद आखिरकार विशेषज्ञ डॉल्फिन रेस्क्यू टीम महराजगंज पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रंग लाई अधिवक्ता की पहल
बताया जाता है कि हाल ही में जिले की नहर में भटककर पहुंची एक गंगा डॉल्फिन को स्थानीय लोगों द्वारा निकालकर दोबारा पानी में छोड़ दिया गया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय ने इसे राष्ट्रीय जलीय जीव की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताते हुए शासन स्तर तक शिकायत और मांग भेजी।
उन्होंने आशंका जताई थी कि यदि समय रहते विशेषज्ञ टीम नहीं पहुंची तो भविष्य में डॉल्फिनों की जान को खतरा हो सकता है।
अधिवक्ता की पहल पर शासन और प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया, जिसके बाद विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को महराजगंज भेजा गया। टीम अब नदियों और नहरों का निरीक्षण कर रही है तथा भटककर आने वाली डॉल्फिनों को सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर काम कर रही है। साथ ही ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है कि डॉल्फिन दिखाई देने पर उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
बधाई का तांता
स्थानीय लोगों ने अधिवक्ता विनय कुमार पांडेय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से न केवल एक महत्वपूर्ण पर्यावरणीय मुद्दे पर शासन का ध्यान गया, बल्कि राष्ट्रीय जलीय जीव के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम भी उठाया गया। पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि ऐसे प्रयास भविष्य में जैव विविधता के संरक्षण के लिए मिसाल साबित होंगे।
PM News 18 Hindi News Website


