लेहड़ा स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से युवती की मौत,तीन घंटे बाद हुई शिनाख्त
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के लेहड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म के पूर्वी छोर पर शनिवार दोपहर बढ़नी-नकहा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मृतका की पहचान प्रीति सिंह (21) पुत्री कमल सिंह, निवासी ग्रामसभा विशुनपुर मुख्तार टोला, थाना बृजमनगंज के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, प्रीति शनिवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकली थी।
इसके बाद करीब ढाई बजे लेहड़ा स्टेशन के पास ट्रेन से कटी उसकी लाश मिलने की सूचना मिली। बताया जाता है कि प्रीति के पिता कमल और उसका भाई रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहकर काम करते हैं।
हृदयविदारक घटना से परिवार में मातम
घर पर उसकी मां, छोटी बहन और बाबा रहते हैं। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में मातम छा गया है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
PM News 18 Hindi News Website
