Thursday , 30 July 2026

21 साल बाद बदलेगी गुरु तेग बहादुर मार्केट की तस्वीर

21 साल बाद बदलेगी गुरु तेग बहादुर मार्केट की तस्वीर

1.37 करोड़ से होगी जर्जर भवन की मरम्मत

 

रायबरेली। शहर के सुपर मार्केट स्थित वर्षों से जर्जर हो चुकी गुरु तेग बहादुर मार्केट के कायाकल्प की शुरुआत हो गई है। बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने सभासदों और व्यापारियों की मौजूदगी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में भूमि पूजन कर मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया। गुरुवार से दिल्ली की फर्म द्वारा मरम्मत कार्य तेज़ी से शुरू किया जाएगा।

 

नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि मार्केट की मरम्मत का जिम्मा दिल्ली की फर्म मेसर्स खैरातीलाल को सौंपा गया है। इस परियोजना पर ₹1.37 करोड़ खर्च होंगे और कार्य छह माह में पूरा कर जनवरी 2027 तक मार्केट को नया रूप देने का लक्ष्य रखा गया है।

पीडब्ल्यूडी रिपोर्ट में खुलासा

गुरु तेग बहादुर मार्केट के निर्माण के बाद से इसकी कभी व्यापक मरम्मत नहीं हुई। वर्ष 2003 में केवल छज्जों की पुताई कराई गई थी, जिससे समस्या दूर नहीं हुई। जल निकासी बाधित होने से दीवारों में सीलन, छज्जों के क्षतिग्रस्त होने और प्लास्टर टूटने से सरियों में जंग लगने की पुष्टि लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट में भी हुई थी। इसके बाद भवन को ध्वस्त करने की योजना बनी थी, लेकिन व्यापारियों के विरोध के चलते उसे रोक दिया गया।

 

यह सुपर मार्केट नगरपालिका परिषद की आय का प्रमुख स्रोत है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 14 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। साथ ही, यहां संचालित सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठानों के माध्यम से हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है।

 

भूमि पूजन कार्यक्रम में सभासद परमजीत सिंह गांधी, जय प्रकाश वर्मा, पंकज साहू, मोहित, किरण भारती तथा व्यापारी नेता पंकज मुरारका, बसंत सिंह बग्गा, अतुल गुप्ता और अंशु सोनकर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

अनुसूचित जाति छात्रावासों में प्रवेश शुरू

अनुसूचित जाति छात्रावासों में प्रवेश शुरू इच्छुक छात्र 7 दिन के भीतर जमा करें दस्तावेज, …