चारा देने में हुई देरी बनी मौत की वजह!
पति की बेरहमी से गई महिला की जान, पोस्टमार्टम में बड़ा खुलासा
रायबरेली/डलमऊ। डलमऊ क्षेत्र के संताव चौकी अंतर्गत किलौली गांव में महिला की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार 50 वर्षीय मनोरमा की मौत सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को गांव निवासी रामशंकर उर्फ पुत्ती ने अपनी पत्नी मनोरमा पर ईंट और डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरोप है कि पति के कहने पर पशुओं को चारा देने में हुई मामूली देरी को लेकर उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल मनोरमा का इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
सिर पर चोट लगने से मौत
रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ दी। वहीं डलमऊ श्मशान घाट पर महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मां की मौत से बेटे अमित और अनुराग तथा बेटियां नेहा और श्रेया का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, घटना के कई दिन बाद भी आरोपी पति की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
गुरुबक्शगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली।
PM News 18 Hindi News Website
