65 फीट गेट पर विराजेंगे बजरंगबली! पकड़ी सिसवा में डीह माता मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार, 27 फरवरी को महा भंडारा व विशाल प्रतिमा का अनावरण
महराजगंज। जनपद के सिसवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा पकड़ी सिसवा में स्थित प्राचीन सिसवा डीह माता जी मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश पांडेय के नेतृत्व में संपन्न हो गया है।
मंदिर परिसर में 65 फीट ऊंचे भव्य मुख्य द्वार का निर्माण कराया गया है, जिस पर बजरंगबली की विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है।
कारीगरों के अनुसार इस भव्य प्रतिमा को तैयार करने में लगभग चार वर्षों का समय लगा है। प्रतिमा की भव्यता और आकर्षण को देखने के लिए क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ रही है।
क्या बोले पुजारी जी
मंदिर के पुजारी ने बताया कि यहां विराजमान डीह माता को श्रद्धालु “वैष्णो देवी” के रूप में मानते हैं।
यह मंदिर अत्यंत चमत्कारी माना जाता है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और पूर्ण होने पर प्रसन्न मन से लौटते हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 26 फरवरी को अखंड हरि कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जबकि 27 फरवरी को महा भंडारे का भव्य आयोजन होगा।
विशाल प्रतिमा का अनावरण
इसी दिन बजरंगबली की विशाल प्रतिमा का विधिवत अनावरण भी किया जाएगा।
आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
समाजसेवी सतीश पांडे ने सभी भक्तजनों से अपील की है कि समय से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बनें।
मंदिर का जीर्णोद्धार पूर्ण होने के साथ ही यह स्थल अब क्षेत्र की आस्था का एक प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
PM News 18 Hindi News Website

