भिटौली में मारपीट कांड: पीड़िता ने लगाई सुरक्षा की गुहार, गंभीर धाराएं बढ़ाने की मांग
महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के गणेशपुर टोला तुलसीपुर में मारपीट के एक मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मुकदमे में नामजद आरोपी जमानत पर छूटने के बाद लगातार उन्हें धमका रहे हैं, जिससे पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।
पीड़िता का घायल अवस्था में फोटो
पीड़िता गुड्डी पत्नी बिहारी के अनुसार, 6 जून 2026 की शाम बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर गांव के संजय पुत्र फुलबदन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट इतनी बेरहमी से की गई कि वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।
मिल रही जान से मारने की धमकियां
घटना के बाद भिटौली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर संजय समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ। हालांकि, आरोपियों को उसी दिन जमानत मिल गई।
पीड़िता का कहना है कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी पक्ष द्वारा लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम कह रहे हैं, अभी तो कुछ नहीं किया है, पूरे परिवार को जान से मार देंगे। हमारी पहुंच ऊपर तक है, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
कानूनी कार्रवाई करने की गुहार
पीड़ित परिवार ने भिटौली थाना प्रभारी से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों पर गंभीर धाराएं बढ़ाने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
परिवार का कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी जान को खतरा बना रहेगा।
नोट: यह आरोप पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। मामले की सत्यता और कानूनी स्थिति का अंतिम निर्धारण पुलिस जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।
PM News 18 Hindi News Website

