पंचायत भवन में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
छह लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद, अवैध पिस्टल, कारतूस और चाकू भी मिला
महराजगंज। जिले की श्यामदेउरवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ग्राम पंचायत सचिवालय में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर लगभग छह लाख रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है। साथ ही एक अवैध 32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक नाजायज चाकू भी बरामद हुआ है।
18 मई 2026 की रात क्या हुआ
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर कुमार गौतम के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 की रात ग्राम पंचायत बसहिया खुर्द स्थित पंचायत सचिवालय का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस तथा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पंचायत सचिवालय में चोरी की घटना
पुलिस ने जांच के दौरान अफरोज पुत्र मैनुद्दीन निवासी बसहिया बुजुर्ग तथा अब्दुल अजीज पुत्र सफीउल्लाह निवासी तरकुलवा भटगांवा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अफरोज के पास से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस तथा अब्दुल अजीज के पास से अवैध चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पंचायत सचिवालय में चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पांच मॉनिटर, दोd सीपीयू, एक प्रिंटर, एक पेंट मशीन, दो की-बोर्ड, दो माउस, एक डीवीआर, एक डी-लिंक डिवाइस, चार सोलर पैनल, तीन टुल्लू पंप, लैपटॉप चार्जर सहित अन्य सामान बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पुर्व में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले सरकारी भवनों और संस्थानों की रेकी करते थे। सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी जुटाने के बाद रात के समय सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 व 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
PM News 18 Hindi News Website
