Sunday , 30 August 2026

सुबह सपनों के साथ गुरुकुल छोड़ा बेटा,शाम को मिली मौत की खबर…

सुबह सपनों के साथ गुरुकुल छोड़ा बेटा,शाम को मिली मौत की खबर…

 

परतावल में पसरा मातम

 

दाखिले के कुछ घंटे बाद हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला 15 वर्षीय श्याम जायसवाल, सूचना मिलते ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

महराजगंज। बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर परतावल के कपड़ा व्यवसायी सतीश जायसवाल सोमवार सुबह अपने 15 वर्षीय पुत्र श्याम जायसवाल को सुल्तानपुर स्थित एक प्रतिष्ठित आवासीय गुरुकुल में दाखिला दिलाने पहुंचे थे।

प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्होंने बेटे को हॉस्टल में छोड़ा, पढ़ाई में मन लगाने की सीख दी और महराजगंज के लिए रवाना हो गए। लेकिन कुछ ही घंटों बाद आई एक सूचना ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी।

गोरखपुर पहुंचते ही आया कॉल

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल निवासी सतीश जायसवाल गोरखपुर के पास पहुंचे ही थे कि गुरुकुल प्रशासन का फोन आया। उन्हें तत्काल वापस बुलाया गया।

अचानक आए इस फोन से वह घबरा गए और तुरंत सुल्तानपुर लौटे। वहां पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनका पुत्र श्याम हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला है। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पोस्टमार्टम के बाद हुआ अंतिम संस्कार

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार शव लेकर महराजगंज के लिए रवाना हुआ और रास्ते में ही अंतिम संस्कार कर दिया।

घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां समेत सभी स्वजन गहरे सदमे में हैं और किसी को इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा।

दाखिले के दिन ही बुझ गया जीवन का दीप

श्याम की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही परतावल पहुंची, पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारी, रिश्तेदार, मित्र और शुभचिंतक लगातार परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

बाजार में दिनभर इसी दर्दनाक घटना की चर्चा होती रही। लोगों का कहना है कि जिस बेटे को सुबह बेहतर भविष्य और उच्च शिक्षा के सपने के साथ गुरुकुल छोड़ा गया था, उसी के निधन की खबर शाम तक मिल जाना पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर देने वाली घटना है।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

निर्मला इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस

निर्मला इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस        independence-day …