Brokenroad: नवीन मंडी के सामने धंसी सड़क, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
आदित्य मिश्रा की रिपोर्ट
महराजगंज। निचलौल नवीन मंडी के सामने पुल के पास सड़क धंसने से क्षेत्र में बड़े हादसे की आशंका गहराती जा रही है।
नहर की पटरी पर बनी इस सड़क के एक किनारे अचानक बड़ा गड्ढा हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल है।
यह सड़क नवीन मंडी को प्रागपुर से जोड़ने वाली प्रमुख मार्ग है, साथ ही इसी रास्ते से राजेंद्र प्रसाद तारा चंद महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का प्रतिदिन आना-जाना होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं।
छुट्टी के समय छात्रों की भारी भीड़
कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय छात्रों की भारी भीड़ रहती है। सड़क के किनारे बने इस गहरे गड्ढे के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
खासकर रात के समय या बारिश के दौरान गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे के पास न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही बैरिकेडिंग की गई है।
कई बार वाहन चालक अचानक गड्ढा देखकर संतुलन खो बैठते हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सड़क की मरम्मत कराने की मांग
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढे को भरवाने की मांग की है।
उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
लोगों ने यह भी मांग की है कि मरम्मत कार्य होने तक अस्थायी तौर पर बैरिकेडिंग और संकेतक लगाए जाएं, ताकि राहगीरों और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और क्षेत्रवासियों को संभावित हादसे से राहत दिलाता है।
PM News 18 Hindi News Website
