2027 फतह का बिगुल
बूथ सम्मेलन के दम पर भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी, पांचों सीटों पर जीत का लक्ष्य
बूथ अध्यक्षों को दिए गए संगठनात्मक मंत्र, कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ विपक्ष पर भी साधा गया निशाना
महराजगंज। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने महराजगंज जनपद में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है।
संगठन की रणनीति के तहत बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।
इन सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी हाईकमान की नीतियों, योजनाओं और चुनावी रणनीति को सीधे बूथ अध्यक्षों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाकर चुनावी जीत सुनिश्चित की जा सके।
बूथ अध्यक्षों को दिए गए टिप्स
करीब 30 लाख की आबादी वाले महराजगंज जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र हैं। भाजपा का लक्ष्य इस बार सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज करना है।
पार्टी नेताओं का मानना है कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। इसी उद्देश्य से बूथ अध्यक्षों को उनके दायित्व, संगठन में उनकी भूमिका और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से वर्चुअल बैठकों, संगठनात्मक चर्चाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करती है।
इन गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार किया जाता है और उन्हें समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।
भाजपा का मजबूत गढ़ महराजगंज
महराजगंज को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। वर्ष 1989 में जिले की स्थापना के बाद से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा का प्रभाव बना रहा है।
विधानसभा चुनावों में भी उतार-चढ़ाव के बावजूद पार्टी की मजबूत मौजूदगी कायम रही है। इसी संगठनात्मक ताकत को और धार देने के लिए बूथ सम्मेलन को महत्वपूर्ण अभियान के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी नेताओं का मानना है कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी भाजपा की संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण है।
वहीं राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा की सक्रिय चुनावी तैयारियों से विपक्ष की बेचैनी बढ़ी है और वह विभिन्न मुद्दों को लेकर सड़क पर संघर्ष की राजनीति कर रहा है।
बूथ अध्यक्षों को मिला मार्गदर्शन
सदर विधानसभा के विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों, संगठन की कार्यप्रणाली और चुनावी दायित्वों से अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर बड़े पद तक पहुंच सकता है।
मेहनत से मिलता है सम्मान
उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बूथ संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
PM News 18 Hindi News Website
