Thursday , 30 July 2026

एक मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

एक मौत के बाद भी नहीं जागा प्रशासन

 

गोपाला की सड़क बनी गंदे पानी की ‘मौत की राह’, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

 

पूर्व में जलभराव के कारण हो चुके हादसे में गई थी एक व्यक्ति की जान, अब फिर सड़क पर बह रहा नालियों का गंदा पानी; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी।

 

महराजगंज। सिसवा विकासखंड के गोपाला गांव में मुख्य सड़क पर नालियों का गंदा पानी बहने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

बुधवार को आकाश जायसवाल के घर के सामने सड़क पर जलभराव और कीचड़ के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में नालियों का गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है।

जलभराव बना मुसीबत

 

सड़क पर फैली गंदगी और जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जबकि जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन को याद दिलाया कि इसी सड़क पर 10 जनवरी 2025 की शाम भागवत जायसवाल के मकान के पास सड़क किनारे फैले पानी के कारण सीताराम उर्फ मोछू साहनी सड़क से सुरक्षित नहीं निकल सके और बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम किया था। उस समय अधिकारियों ने स्थायी समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन डेढ़ वर्ष बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।

डेढ़ साल बाद भी नहीं मिला समाधान

ग्रामीणों का आरोप है कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।

इस लापरवाही के चलते अब तक कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं और भविष्य में भी किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्रदर्शन में शामिल आकाश जायसवाल, राजेंद्र, रामनरेश, जवाहिर पाल, पप्पू सहित अन्य ग्रामीणों ने नालियों की तत्काल सफाई और स्थायी  जलनिकासी व्यवस्था की मांग की। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि “क्या प्रशासन किसी और हादसे या किसी और की मौत का इंतजार कर रहा है?”

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Share:

About Arjun Patel

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

बारिश के बाद धंसी जमीन, निकली रहस्यमयी सुरंग

बारिश के बाद धंसी जमीन, निकली रहस्यमयी सुरंग रायबरेली में मिले कुषाणकाल के अवशेष, ASI …