मानवता की मिसाल: गायत्री परिवार ट्रस्ट ने दिव्यांग को भेंट की व्हीलचेयर, वस्त्र व आर्थिक सहायता
सेवा ही साधना का संदेश, सभी ब्लॉकों में पीड़ित मानवता की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान
महराजगंज। गायत्री परिवार ट्रस्ट अमरुतिया, जनपद महराजगंज द्वारा सामाजिक सेवा की एक प्रेरणादायक पहल करते हुए कृत पिपरा ग्राम सभा के एक दिव्यांग व्यक्ति को व्हीलचेयर, वस्त्र एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस सेवा कार्य को स्थानीय लोगों ने मानवता के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी श्री विद्यासागर पटेल, कोषाध्यक्ष श्री राम प्रीत कसौधन, वरिष्ठ ट्रस्टी श्री उदयवास पटेल, गायत्री शक्तिपीठ महराजगंज महिला मंडल की समन्वयक श्रीमती प्रियंका नायक, महिला मंडल की कोषाध्यक्ष श्रीमती मांडवी जायसवाल सहित महिला मंडल की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
सभी ने दिव्यांग लाभार्थी को सम्मानपूर्वक सहायता सामग्री वितरित कर उसके बेहतर जीवन की कामना की।
इस अवसर पर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा ही सच्ची साधना है। उन्होंने जनपद के सभी ब्लॉक समन्वयकों एवं गायत्री परिवार के परिजनों से अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद, दिव्यांग, असहाय एवं गरीब लोगों की सहायता के लिए ऐसे सेवा कार्य नियमित रूप से करने का आह्वान किया।
ट्रस्ट की ओर से विश्वास व्यक्त किया गया कि गायत्री परिवार के सभी कार्यकर्ता सेवा, सहयोग और संस्कार के इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए मिशन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अंत में गुरुदेव, वंदनीया माताजी एवं गायत्री माता से प्रार्थना की गई कि सभी कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों के लिए शक्ति, सामर्थ्य और प्रेरणा प्रदान करें, ताकि पीड़ित मानवता के कल्याण के लिए रचनात्मक कार्य निरंतर जारी रह सकें।
PM News 18 Hindi News Website
