पांच साल पहले मृत समझकर कर दिया था अंतिम संस्कार, अब जिंदा लौटी महिला
महराजगंज। जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पांच साल पहले जिस महिला को मृत समझकर परिवार ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वही महिला अब सकुशल अपने घर लौट आई है। मामला सोनौली थाना क्षेत्र के बरगदही गांव का है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में कोल्हुई थाना क्षेत्र के लबदहा गांव के दक्षिण-पूर्व स्थित खेत में करीब 42 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला का शव बरामद हुआ था।
पहचान नहीं होने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और विभिन्न माध्यमों से पहचान कराने का प्रयास किया।
अगले दिन नौतनवा क्षेत्र की गमला देवी अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचीं और कपड़े, चप्पल व हुलिए के आधार पर शव की पहचान अपनी बहन इसरावती पुत्री स्वर्गीय चिनक साहनी के रूप में कर दी। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और त्रिमुहानी घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
लेकिन असली इसरावती जिंदा थी। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह भटकते हुए कोलकाता पहुंच गई, जहां एक सामाजिक संस्था ने उसे आश्रय दिया। वर्षों तक संस्था की देखरेख में रहने के बाद 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दिन टीम उसे लेकर बरगदही पहुंची।
पांच साल बाद सामने खड़ी इसरावती को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिवार के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं था।
PM News 18 Hindi News Website
