किसानों की जमीन से MSP तक, अधिकार यात्रा में सरकार से उठेंगे तीखे सवाल
लखनऊ, 24 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित ‘किसान अधिकार यात्रा’ की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को यात्रा के दौरान प्रमुखता से उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा में सर्किल रेट, भूमि अधिग्रहण, उचित मुआवजा, फसल का सही मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों से उनकी जमीन जिस सर्किल रेट पर ली जाती है और बाद में उसी जमीन के व्यावसायिक उपयोग तथा बिक्री से जुड़े सवालों को जनता के सामने रखा जाना चाहिए। भूमि अधिग्रहण कानून के तहत किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग भी यात्रा में उठाई जाएगी।
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि किसान अधिकार यात्रा का उद्देश्य किसानों की आवाज को मजबूती से सामने लाना है।
यात्रा के दौरान गांव-गांव संवाद कर किसानों की समस्याएं और मांगें जानी जाएंगी। MSP, उपज का उचित मूल्य, कृषि क्षेत्र से जुड़े ट्रेड डील्स तथा किसानों को प्रभावित करने वाले सरकारी फैसलों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में किसान कांग्रेस के जोन प्रभारी दिलीप मिश्रा, आनंद पाल सिंह, बृज मौर्या, राम अधार जोसेफ, शशि उपाध्याय, आरसी पांडेय सहित विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।
रवि शंकर सिंह की रिपोर्ट पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली ब्यूरो प्रभारी यूपी
PM News 18 Hindi News Website
