क्लिक से पहले सावधान! छात्राओं को साइबर ठगी के नए हथकंडों से किया गया आगाह
महराजगंज। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच महराजगंज पुलिस ने छात्राओं को डिजिटल ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।
मंगलवार को साइबर क्राइम थाना एवं साइबर सेल श्यामदेउरवा की संयुक्त टीम ने श्रीमती अनारकली देवी कन्या इंटर कॉलेज, राजपुर, श्यामदेउरवा में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी साइबर क्राइम थाना/अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों से सावधान किया।
टीम ने समझाया कि अनजान लिंक पर क्लिक करना, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करना अथवा किसी अज्ञात व्यक्ति से OTP साझा करना भारी पड़ सकता है।
जागरूकता कार्यक्रम में फर्जी KYC, APK स्कैम, वर्क फ्रॉम होम एवं पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी, ऑनलाइन लोन, लॉटरी एवं इनाम के झांसे, फर्जी अधिकारी बनकर OTP मांगने और सोशल मीडिया के जरिए भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक व फाइलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्राओं से कहा कि बैंक, पुलिस अथवा कोई सरकारी अधिकारी बनकर फोन करने वाला व्यक्ति यदि OTP, PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी मांगे तो उसे साझा न करें। सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप-टेलीग्राम पर आने वाले संदिग्ध लिंक से भी दूरी बनाए रखें।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में साइबर क्राइम थाना/साइबर सेल के निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक अमित यादव, सचिन कुमार, कांस्टेबल ग्रेड-ए प्रफुल्ल यादव, कांस्टेबल अक्षय कुमार सिंह, अमरजीत सिंह, महिला कांस्टेबल प्राची एवं कांस्टेबल मुकेश कुमार सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
PM News 18 Hindi News Website
