रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 785 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी
20 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा, 2200 पदों के सापेक्ष 1345 युवाओं ने दिया साक्षात्कार; सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने किया शुभारंभ
महराजगंज। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए गुरुवार का दिन उम्मीदों की नई सौगात लेकर आया। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय महराजगंज एवं जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
मेले में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। 20 से अधिक नामी कंपनियों ने हिस्सा लेकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
इस दौरान 1345 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 785 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में अमेजॉन, वेयरहाउस, वोडाफोन आइडिया, एयरटेल पेमेंट बैंक, संगम सोलर सहित 20 से अधिक कंपनियों ने अपनी भागीदारी निभाई।
कंपनियों की ओर से लगभग 2200 रिक्त पदों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए आवेदन किया और साक्षात्कार दिया। 785 अभ्यर्थियों के चयन से युवाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
Also Read This: उत्पीड़न से परेशान हो किया खुदकुशी का प्रयास
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, कॉलेज प्रबंधक डॉ. बलराम भट्ट, प्राचार्य डॉ. अजय मिश्रा, डॉ. शांतिशरण मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी पंकज सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अवसर मिला। इस पहल को युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के नए रास्ते खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
PM News 18 Hindi News Website
