खेत में मिला नवजात शिशु, गांव में मचा हड़कंप; पुलिस ने लिया संरक्षण में
विनय शर्मा के मकान के पीछे खेत में मिला मासूम, अस्पताल में कराया जा रहा स्वास्थ्य परीक्षण
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के धनगड़ी मुंडेरी गांव में मंगलवार को एक नवजात शिशु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी विनय शर्मा के मकान के पीछे स्थित खेत में नवजात शिशु मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
खेत में मासूम को इस हालत में देखकर लोग हैरान रह गए और उसे वहां छोड़ने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
ग्रामीणों ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल नवजात को खेत से उठाया और आरोग्य मंदिर पहुंचाया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में मासूम को खेत में छोड़ने वाले व्यक्ति और इसके पीछे की परिस्थितियों को लेकर चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, नवजात को किसने और किन परिस्थितियों में वहां छोड़ा, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।
Also Read This: श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा
इस संबंध में थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद नियमानुसार चाइल्डलाइन को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
PM News 18 Hindi News Website
