नहर के बगल में मिला महिला का जला शव, इलाके में दहशत— हत्या की आशंका
महराजगंज के श्यामदेउरवा क्षेत्र में सुबह-सुबह हड़कंप, फॉरेंसिक टीम जुटी, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
महराजगंज। जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चन्द्रौली गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना सामने आई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि सुबह ग्रामीणों ने बड़ी नहर के पश्चिम दिशा में स्थित राजा राम सिंह के खेत में एक महिला का बुरी तरह जला हुआ शव पड़ा देखा।
बताया जा रहा है कि यह दृश्य इतना भयावह था कि देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना पुलिस को दिए गए।
जांच में जूटी पुलिस
सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को जरूरी निर्देश दिए।
इसके बाद एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने भी मौके का निरीक्षण कर मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच के आदेश दिए।
अधजली शव बरामद
जानकारी के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि शव इतनी बुरी तरह जल चुका है कि उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
फिलहाल पुलिस आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला बेहद संदिग्ध नजर आ रहा है, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू—हत्या, आत्महत्या या किसी साजिश—को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा भी किया जा रहा है।
PM News 18 Hindi News Website
