मेला जाने निकले श्रद्धालु, नहर में समाई ट्रैक्टर-ट्रॉली! चीख-पुकार से दहला इलाका
accident: महराजगंज । जनपद के घुघुली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़हरा फार्म से भैंसहा चैत्र वरणी मेला में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया।
accident मौके पर चीख-पुकार मच गई
बुधवार की शाम करीब 7 बजे मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की सड़क पर सिसवा गोपाल गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि चालक सुवंश सिंह रास्ता बदलने के लिए ट्रैक्टर मोड़ रहा था, तभी अचानक नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रॉली समेत पूरा वाहन नहर में पलट गया। ट्रॉली में सवार 30 से अधिक श्रद्धालु नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सीएचसी पहुंचे घायल
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही खड्डा थानाध्यक्ष संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस व पुलिस की मदद से सभी को तुर्कहा सीएचसी पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए कई घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायलों में संजय सिंह (25), प्रीति शर्मा (10), स्मृति देवी (70), मीरा देवी (60), बबली यादव (40), मनोरमा (50), बिमला (40), निर्मला (45), प्रभावती (50), रजवंत (63) और किस्मती (55) शामिल हैं।
क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल
इनमें मीरा देवी और प्रभावती की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।
घायल आदित्य के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार सभी लोग एक ही गांव के थे और मेला स्नान के लिए जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों में चिंता व्याप्त है।
PM News 18 Hindi News Website
