Friday , 28 August 2026

पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका 

पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका 

भिटौली के लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरिया में सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप,फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरिया में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के एक युवक का शव पुलिया के नीचे पड़ा मिला।

शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

लापता युवक का मिला शव

जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर देउरवा गांव निवासी हकामुद्दीन (35) रविवार रात करीब 10 बजे के बाद से घर से लापता था।

बताया जा रहा है कि रात में भोजन करने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। परिजनों को लगा कि वह गांव या आसपास कहीं गया होगा और थोड़ी देर में वापस लौट आएगा, लेकिन देर रात तक उसके घर न पहुंचने पर चिंता बढ़ने लगी।

सोमवार सुबह लगभग 5 बजे जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी लक्ष्मीपुर देउरवा से कमता बुजुर्ग मार्ग पर पिपरिया के समीप स्थित पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव पड़ा दिखाई दिया।

कैसे हुई मृतक की पहचान

प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक जाकर देखने पर उसकी पहचान हकामुद्दीन के रूप में हुई। सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए और दहाड़ मारकर रोने लगे।

जानकारी के मुताबिक ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर ग्राम प्रधान ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए।

क्या बोल दिए परिजन

परिजनों के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता की मृत्यु करीब आठ वर्ष पहले हो चुकी है। वह दो भाइयों में बड़ा था।

बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी सरवर जहां और तीन छोटी-छोटी बेटियों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी सरवर जहां रो-रोकर बार-बार अपने पति की हत्या किए जाने की बात कह रही थी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share:

About Markandey Diwedi

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

निर्मला इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस

निर्मला इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस        independence-day …