पोखरे ने डूबने से 56 वर्षीय अधेड़ की मौत, गांव में मचा कोहराम
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा फुलमनहा के टोला जगदेवपुर में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पोखरे में डूबने से 56 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान श्यामकरन (56) पुत्र विपत के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें गंभीर अवस्था में बाहर निकालकर एम्बुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बृजमनगंज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।
PM News 18 Hindi News Website
