Sunday , 30 August 2026

महराजगंज में डीएम का सख्त तेवर, विद्यालय का औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश

बेटियों की शिक्षा पर सख्त डीएम मेस का खाना चखा, एक्सपायरी डेट जांची 

महराजगंज में डीएम का सख्त तेवर, विद्यालय का औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश

महराजगंज। जनपद में शिक्षा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा-कक्षों, छात्रावास, मेस, स्टाफ आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मेस में खुद चखा भोजन, गुणवत्ता पर जीरो टॉलरेंस

मेस के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं छात्राओं को परोसे जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता परखी।

साथ ही पैकेटबंद खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट की जांच कर स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

विद्यालय परिसर में स्थापित पानी की टंकी की मरम्मत हेतु उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (UPSIDCO) को निर्देशित किया गया।

इसके साथ ही परिसर में सीसी सड़क निर्माण तथा संपूर्ण परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।

किचन गार्डेन से पोषण की पहल

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में किचन गार्डेन विकसित करने के निर्देश दिए, जिसमें सहजन, कटहल, केला सहित अन्य पोषक पौधों का रोपण किया जाएगा।

उनका कहना था कि इससे छात्राओं को ताजा और पोषणयुक्त आहार उपलब्ध होगा तथा आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित होगी।

छात्राओं से संवाद, मेंटरशिप कार्यक्रम के निर्देश

कक्षा निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रमपूर्वक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

समाज कल्याण अधिकारी को छात्राओं के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास में सहयोग मिल सके।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

“बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है,” उन्होंने दोहराया।

जिला क्रीड़ा स्टेडियम में भी कसी व्यवस्था

विद्यालय निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा स्टेडियम महराजगंज स्थित बैडमिंटन कोर्ट का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने वहां पाई गई कमियों को शीघ्र दूर कर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विपिन कुमार यादव, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

About Markandey Diwedi

दोस्तों नमस्कार आप सभी शुद्ध पाठकों को अवगत कराना है कि राष्ट्रीय हिंदी मासिक पत्रिका public mukhbir जो बहराइच से प्रकाशित होकर पूर्वांचल के बस्ती, गोरखपुर ,कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर ,देवरिया, महराजगंज, गोंडा ,बहराइच se Bihar rajya में प्रसारण हो रहा है मुझे यह विश्वास है कि हमारे द्वारा प्रकाशित किया गया समाचार आपको पसंद आएगा धन्यवाद

Check Also

निर्मला इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस

निर्मला इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना 80 वां स्वतंत्रता दिवस        independence-day …