अधूरे मनरेगा कार्यों पर डीएम का सख्त एक्शन: जियो टैगिंग
जांच और लापरवाही पर वसूली के आदेश!
महराजगंज । 02 अप्रैल 2026 DM जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा से जुड़े अपूर्ण कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण जिलास्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें- DM
बैठक में ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन गारंटी (ग्रामीण) अधिनियम 2025’ में संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
DM ने सभी अपूर्ण कार्यों का शत-प्रतिशत सत्यापन जियो टैग फोटो के माध्यम से कराने के निर्देश दिए।
स्थलीय निरीक्षण करें
उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर तकनीकी एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण के बाद, ग्राम सभा की संस्तुति के साथ प्रस्तावित कार्यों की सूची को अंतिम रूप दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक कार्य का निरीक्षण कम से कम एक प्रशासनिक और एक तकनीकी अधिकारी द्वारा किया जाए और उसकी रिपोर्ट जिलास्तरीय समिति को भेजी जाए।
उच्च लागत वाले कार्यों को प्राथमिकता
साथ ही, ब्लॉक से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर समिति के सदस्य 10 प्रतिशत या अधिकतम 25 कार्यों (जो भी कम हो) की जांच करेंगे, जिसमें सभी ब्लॉकों को कवर किया जाएगा, विशेषकर उच्च लागत वाले कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
DM ने कहा कि जांच के बाद यदि कोई कार्य बंद करने के योग्य नहीं पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ वसूली और अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें
उन्होंने कार्यों को तीन श्रेणियों—शून्य व्यय, 30 प्रतिशत तक व्यय और 30 प्रतिशत से अधिक व्यय—में वर्गीकृत कर उसी के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
साथ ही, सभी खंड विकास अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर अपूर्ण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा सहित सभी बीडीओ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
PM News 18 Hindi News Website
