लक्ष्मीपुर एकडंगा को मिली करोड़ों की सौगात
3.40 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक उत्सव भवन
विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया शिलान्यास, बोले— डबल इंजन सरकार गांव-गांव पहुंचा रही विकास की नई रोशनी

महराजगंज, 25 जुलाई। सदर विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव में शुक्रवार को विकास की एक नई इबारत लिखी गई।
लगभग ₹3 करोड़ 40 लाख की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक उत्सव भवन का सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ शिलान्यास किया।
इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर अतिथियों का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्सवमय हो गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
सामाजिक आयोजनों को मिलेगा आधुनिक स्थल
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों ने अभूतपूर्व गति पकड़ी है।
लक्ष्मीपुर एकडंगा में बनने वाला यह अत्याधुनिक उत्सव भवन ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के प्रति गंभीर सोच का अभाव था, जबकि वर्तमान सरकार गांव-गांव तक विकास योजनाओं को पहुंचाकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक ने दिलाया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आगे भी इसी तरह जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि उत्सव भवन बनने से ग्रामीणों को विवाह समारोह, सामाजिक कार्यक्रम, बैठकों तथा अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की विकासपरक नीतियों का लाभ अब प्रभावी रूप से गांवों तक पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सामुदायिक सुविधाओं का विकास कराया जा रहा है।
समय सीमा में पूरा होगा उत्सव भवन
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान अमेरिका प्रसाद ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्सव भवन का निर्माण गांव के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।
सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, प्रधान सच्चिदानंद मौर्य, ब्रह्मा पटेल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र बहादुर सिंह, शक्ति केंद्र प्रमुख महेश चौरसिया, बूथ अध्यक्ष भरत कन्नौजिया, डोमई गुप्ता, जनार्दन दास, गोलू गौड़, छोटे प्रजापति, चंदन पटेल, मुकेश कन्नौजिया, मान सिंह, राकेश अग्रहरी, लक्ष्मीपुर एकडंगा इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सत्यनारायण प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
PM News 18 Hindi News Website
