तेज रफ्तार ट्रेलर बना काल
आमने-सामने की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई।बरवा द्वारिका के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में अंतिम सांस ली। हादसे के बाद पूरे रजवल मदरहा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रजवल मदरहा गांव निवासी चचेरे भाई कृष्णा (22) और शिवलाल (20) शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे बाइक से घर से निकले थे। देर रात दोनों घर लौट रहे थे।
सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत
इसी दौरान बरवा द्वारिका के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि शिवलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
कोठीभार थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभी तक मृतकों के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
PM News 18 Hindi News Website
