लकड़ी फर्नीचर कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
महराजगंज में युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण और टूलकिट, 30 जून तक करें आवेदन
महराजगंज। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत महराजगंज में लकड़ी फर्नीचर उत्पाद के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है।
उपायुक्त उद्योग श्री नीरज कुमार सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वर्ष 2026-27 के तहत चयनित उत्पाद लकड़ी फर्नीचर के लिए 10 दिवसीय दक्षता, कौशल एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को निःशुल्क टूलकिट भी प्रदान की जाएगी।
स्वरोजगार के लिए सक्षम
उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने व्यवसाय की शुरुआत कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस योजना में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि प्रशिक्षण के लिए किसी भी प्रकार की शैक्षिक योग्यता अनिवार्य नहीं रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि आवेदक ने केंद्र अथवा प्रदेश सरकार की किसी अन्य योजना के तहत पिछले दो वर्षों में संबंधित उत्पाद से जुड़ी टूलकिट का लाभ प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। साथ ही योजना के अंतर्गत एक परिवार से केवल एक ही सदस्य को लाभ दिया जाएगा। परिवार का आशय पति एवं पत्नी से माना जाएगा।
कहां करें आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट diupmsme.upsdc.gov.in तथा msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, महराजगंज कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
योजना शुरू होने से जिले के युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है और इसे स्वरोजगार की दिशा में बड़ा अवसर माना जा रहा है।
सोनू मोदनवाल के साथ डॉo अर्जुन पटेल सम्पादक पुलिस मुखबिर न्यूज महाराजगंज
PM News 18 Hindi News Website
