डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
बेकाबू डंपर का पहिया ऊपर से निकला, साथी बाल-बाल बचा; सीमा विवाद में एक घंटे सड़क पर पड़ा रहा शव
रायबरेली बछरावां। सुदौली-गजियापुर मार्ग पर जमादार खेड़ा मोड़ के पास रविवार शाम करीब पांच बजे बेकाबू डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया।
हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
लखनऊ जिले के मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के भवानीखेड़ा निवासी सुजीत रावत (20) अपने साथी मऊ निवासी ईश (22) के साथ बाइक से सुदौली से गजियापुर की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान गजियापुर की ओर से सुदौली जा रहे डंपर ने जमादार खेड़ा गांव के मोड़ के पास उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठे सुजीत सड़क पर गिर गए। इसी दौरान डंपर का पहिया उनके ऊपर से निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ईश हादसे में बच गया।
सूचना पर रायबरेली के बछरावां और लखनऊ के निगोहां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को लेकर दोनों थानों की पुलिस के बीच सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
बाद में घटनास्थल बछरावां क्षेत्र में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बछरावां पुलिस ने जांच शुरू की। सीमा विवाद के चलते करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा।
सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस मुखबिर न्यूज रायबरेली यूपी हरचंदपुर ब्लॉक प्रभारी राहुल सिंह की रिपोर्ट
PM News 18 Hindi News Website
